तृणमूल कांग्रेस में शुक्रवार को एक अहम घटनाक्रम हुआ. टीएमसी के ऋतब्रत खेमे ने कोलकाता स्थित पार्टी के दफ्तर पर 'कब्जा' कर लिया है. ऋतब्रत बनर्जी ऑफिस में ताला लगाकर चाबी अपने पास ले गए हैं. इस गुट के नेताओं ने कहा है कि 'असली टीएमसी' वही हैं. शुक्रवार दोपहर को ऋतब्रत गुट के नेता मेट्रोपॉलिटन ईएम बाईपास स्थित तृणमूल पार्टी कार्यालय गए और एक बैठक की. इस दौरान ऋतब्रत के करीबी नेताओं ने पार्टी कार्यालय के दरवाजे पर नए पोस्टर लगाए और दावा किया कि वे 'असली तृणमूल' हैं. बैठक के बाद उन्होंने पार्टी कार्यालय को ताला लगा दिया और चले गए.
शुक्रवार दोपहर को ऋतब्रता बनर्जी, फिरहाद हकीम, संदीपन साहा, जावेद खान, अख्रुज्जमां और अन्य कई नेता अचानक मेट्रोपॉलिटन ईएम बाईपास स्थित तृणमूल पार्टी कार्यालय पहुंचे. पार्टी कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ममता बनर्जी और अरूप रॉय की तस्वीर वाला एक नया पोस्टर भी लगाया गया था. बता दें कि टीएमसी के इस गुट ने ममता बनर्जी को अध्यक्ष पद से हटा दिया है और अरूप रॉय को नया अध्यक्ष बनाया है. टीएमसी का ये गुट ममता बनर्जी को अपना सलाहकार बताता है.

बाद में मीडिया से बात करते हुए पार्टी नेता अख्रुजम्मां ने कहा, "यह पार्टी कार्यालय हमारा है. हम तृणमूल हैं. जोड़ा फूल हमारा चिह्न है. हम असली तृणमूल हैं.'