15 वर्षीय नाबालिग ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
छतरपुर। जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। 15 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, मृतका के पिता बालादीन अहिरवार, निवासी गौरेया, थाना सिविल लाइन, ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ी हुई थी और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जहरीला पदार्थ सेवन करने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।