छतरपुर। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशानुसार जिलेभर में संचालित नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने डाकखाना चौराहा (महाराजा छत्रसाल चौक) एवं बस स्टैंड क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।
इस अभियान में यातायात पुलिस की सक्रिय भागीदारी रही। विशेष रूप से यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नागरिकों से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों ने नुक्कड़ नाटक देखा और विद्यार्थियों द्वारा दिए गए संदेश की सराहना की। अभियान का उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करना है।