छतरपुर। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गुलगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 125 पेटी (1125 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक सहित करीब 21 लाख रुपये का माल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह रोड पेट्रोलिंग के दौरान टीकमगढ़ रोड स्थित काठन नदी पुल के पास अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच में ट्रक के केबिन में छिपाकर रखी गई 125 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
जब्त शराब में गोवा, 8 PM, मैजिक मोमेंट, रॉयल स्टैग, बैकपाइपर, रॉयल चैलेंजर, लंदन प्राइड और आइकॉनिक व्हाइट सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास त्रिपाठी (निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश) एवं प्रशांत यादव (निवासी गढ़ाकोटा, जिला सागर) के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना गुलगंज में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिशिर तिवारी सहित गुलगंज थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।