छतरपुर। शहर में आज महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा के शुभारंभ के साथ ही पूरा नगर 'जय जगन्नाथ' और 'हरे कृष्ण' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भगवान के दर्शन और रथयात्रा में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा।
रथयात्रा जब चौक बाजार पहुंची, तब मां अन्नपूर्णा रामलीला समिति के अध्यक्ष दृगेंद्र देव सिंह चौहान ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
शोभायात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ युवाओं की टोलियां भक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक झूमती नजर आईं। यात्रा के अग्रभाग में चल रही संकटमोचन हनुमान जी की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए मार्गभर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
भक्ति के इस महापर्व में जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। छतरपुर विधायक ललिता यादव भगवान जगन्नाथ के भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमती नजर आईं। उन्होंने श्रद्धापूर्वक भगवान के भजन गाए और स्वयं रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया तथा भाजपा नेत्री अंकिता विश्वकर्मा ने भी भगवान जगन्नाथ का रथ खींचकर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जगह-जगह सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत, पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्थाएं की गईं, जिससे पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर दिखाई दिया