छतरपुर। जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर युवा कांग्रेस ने नाराजगी जताते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए लंबित मामलों में जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान करीब एक सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोहम्मद अली ने आरोप लगाया कि जिले में लगातार अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है और पुलिस की निष्क्रियता के कारण आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई गंभीर मामलों में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
मोहम्मद अली ने बक्सवाहा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नैनागिर जैन क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मंदिर में कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक खुलासा करने में नाकाम रही है।
उन्होंने सटई थाना क्षेत्र के ग्राम नंदगाय बटनन में 29 जून 2026 को महिला नन्नी बाई पर हुए जानलेवा हमले का मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं और पीड़ित परिवार को धमकियां दी जा रही हैं।
इसके अलावा गंगवाहा गांव से नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले में भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की गई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर तीनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।