छतरपुर। विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छतरपुर पुलिस ने जिले में 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान शुरू किया है। माननीय उच्च न्यायालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत यह अभियान 08 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में जिलेभर में स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा स्कूल परिसरों एवं मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अभियान के दौरान स्कूल वाहनों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सुरक्षा उपकरणों की जांच की जा रही है। बसों में प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशामक यंत्र, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास द्वार सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन कराया जा रहा है।
इसके साथ ही बस चालकों एवं परिचालकों का सत्यापन भी किया जा रहा है। चालकों के भारी वाहन लाइसेंस, पुलिस सत्यापन एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के शुरुआती 24 घंटे में यातायात नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 10 स्कूली वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन संचालकों और चालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
छतरपुर पुलिस ने स्कूल संचालकों, वाहन मालिकों, चालकों और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
Newsmp16 बुंदेलखंड
संपादक – एन एल चौधरी
बच्चों की सुरक्षा को लेकर छतरपुर पुलिस सख्त, 10 दिवसीय स्कूल बस चेकिंग अभियान शुरू
पहले ही दिन 10 स्कूली वाहनों पर चालानी कार्रवाई, नियमों के पालन के निर्देश
