छतरपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से छतरपुर विधायक ललिता यादव एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सड़क पर उतरीं। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, यातायात प्रभारी, शहर के तीनों थाना प्रभारी तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को लेकर कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल शासन-प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि सड़क और फुटपाथों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दुकानदारों से स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटाने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अतिक्रमणकारियों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी और चेतावनी दी कि यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शासन-प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर को व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की।